BJP: दीपक जोशी भाजपा परिवार के अभिन्न अंग-Sharma

Samachar Jagat | Wednesday, 03 May 2023 12:13:41 PM
Deepak Joshi integral part of BJP family: Sharma

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक जोशी के पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि श्री जोशी पार्टी परिवार के अभिन्न अंग हैं और कई बार परिवार के बीच कुछ छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं।

श्री शर्मा ने कल देर रात अपने बयान में कहा कि श्री जोशी भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं। उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी ने पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई को खड़ा किया है। वे पार्टी के लिए आदर्श हैं।उन्होंने कहा कि श्री दीपक जोशी भी कैबिनेट के मंत्री रहे हैं। वे हर जिम्मेदारी पर रहे, कभी-कभी छोटी मोटी बातें हो जाती हैं। वे पार्टी परिवार के एक अभिन्न अंग हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री जोशी के मन में अगर कोई बात आई है तो पार्टी की आपस की संवाद पद्धति है, जिसका पालन किया जाएगा।पूर्व मंत्री श्री जोशी देवास जिले के हाटपिपल्या से विधायक रहे हैं। वे पिछली बार विधानसभा चुनाव हार गए थे, जिसके बाद वर्ष 2020 में हुए उपचुनाव के दौरान इस सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिधिया के समर्थक और कांग्रेस से आए मनोज चौधरी को टिकट दे दिया गया था।

वर्तमान में श्री चौधरी यहां से विधायक हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर अभी संशय की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में श्री जोशी के भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थामने की कई दिन से अटकलें बनी हुईं हैं। 

Pc:Jagran



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.