Sikkim में कई मवेशियों का शिकार करने वाले तेंदुए को पकड़कर जंगल में छोड़ा गया

Samachar Jagat | Monday, 29 May 2023 03:34:35 PM
Leopard, which hunted several cattle in Sikkim, was caught and released into the wild

गंगटोक। सिक्किम के सोरेंग जिले में आधा दर्जन से अधिक मवेशियों को मारने वाले एक तेंदुए को जाल में कैद कर जंगल में छोड़ दिया गया है। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सोरेंग वन्यजीव रेंज के अधिकारियों को घरेलू पशुओं की हत्या के बारे में जिले के कई गांवों के निवासियों से कई शिकायतें मिल रही थीं।सोरेंग वन्यजीव रेंज के कर्मचारियों ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर कैमरे वाला पिंजरा लगाया, जिससे पता चला कि एक वयस्क तेंदुआ (पैंथेरा परडस) मवेशियों का शिकार कर रहा है।

टिम्बुरबोंग गांव में आधा दर्जन से अधिक मवेशियों और कई कुत्तों व बिल्लियों को मारने वाला तेंदुआ गांव के पास स्थानीय लोगों की मदद से वन्यजीव रेंज के कर्मचारियों द्वारा लगाए गए पिंजरे में 27 मई को कैद हो गया।अगली सुबह जब रेंज अधिकारी आशीष लामा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो पता चला कि पकड़ा गया जानवर एक वयस्क नर तेंदुआ है।

अधिकारी ने कहा कि पशु चिकित्सकों ने तेंदुए की जांच की और वह स्वस्थ पाया गया। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं दिखा।अधिकारी ने कहा कि पकड़े गए तेंदुए को वन विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर जंगल में छोड़ दिया गया।

Pc:Wikipedia



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.