जम्मू। बीएसएफ ने आज यहां कहा कि पाकिस्तानी रेंजर अपनी सेना की मदद से भारतीय नागरिक क्षेत्रों में गोलाबारी कर रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन है।
सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ के महानिरीक्षक डी के उपाध्याय ने कहा कि उनका बल पाकिस्तान की असैन्य आबादी को निशाना नहीं बनाता।
उन्होंने अपनी बातों के समर्थन में एक वीडियो क्लिप भी जारी किया जिसमें अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार एक सैन्य चौकी को निशाना बनाते दिखाया गया है। बल ने जोर दिया है कि बदले की कार्रवाई में 14 पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने जवाब दिया है और लगभग उन सभी चौकियों पर प्रतिकार किया है जहां से गोलीबारी हुई है।’’
उधर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में कहा कि देश की प्रतिष्ठा और सम्मान की रक्षा के लिए सरकार जरूरी कार्रवाई करेगी।
सीमा पर तनाव बढने के बीच यहां एक संवाददाता सम्मेलन में उपाध्याय ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजरों ने हाल के दिनों में ‘‘अनगिनत’’ बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है और पाकिस्तानी सेना अपने अर्धसैनिक बल को पूरी मदद दे रही है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी बल जानबूझकर भारतीय असैन्य क्षेत्रों की ओर गोलाबारी कर रहे हैं। बीएसएफ कभी भी किसी पाकिस्तानी असैनिक क्षेत्र की ओर गोलीबारी नहीं करता। हम सिर्फ उन सैन्य बंकरों की ओर ही गोलीबारी करते हैं जहां से पाकिसनी बल गोलीबारी करते हैं। हमने 14 पाकिस्तानी बंकरों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
उपाध्याय ने कहा कि नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर पाकिस्तान ने ‘‘मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय मानदंडों’’ का उल्लंघन किया है। एक दिन पहले ही पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण जम्मू में दो बच्चों और चार महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई।
उन्होंंने कहा कि अगर पाकिस्तान की ओर असैनिक क्षेत्र में कोई हताहत हुआ है तो इसका कारण यह है कि वहां असैनिक आबादी सैन्य बंकरों के काफी करीब रहती है।
उन्होंने अपनी बात साबित करने के लिए ‘‘हैंड हेल्ड थर्मल इमेजर’’ एचएचटीआई का एक वीडियो क्लिप प्रदर्शित किया जिसमें बीएसएफ जवाबी गोलीबारी कर रहा है।
पाकिस्तान ने कल दावा किया था कि भारतीय जवानों की गोलीबारी में उसके छह नागरिक मारे गए हैं।
उपाध्याय ने कहा कि भारत की जवाबी कार्रवाई नपी..तुली और सटीक है तथा इसका लक्ष्य सैन्य ठिकाने हैं न कि पाकिस्तान की नागरिक आबादी।