नई दिल्ली। कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस मेें शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को झटका लग सकता है।
सिद्धू अमरिंदर सिंह सरकार में उपमुख्यमंत्री की कुर्सी चाहते हैं, अमरिंदर सिंह खुद इसके लिए तैयार नहीं हैं। बताया जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री का पद नहीं चाहते हैं।
उन्होंने दलील दी है कि उपमुख्यमंत्री का पद तब दिया जाता है जब पार्टी के पास बहुमत ना हो और गठबंधन में किसी नेता को सम्मान देना हो या कोई अन्य मजबूरी हो, लेकिन पंजाब में कांग्रेस भारी बहुमत से जीत कर आई है और ऐसे में उपमुख्यमंत्री के पद की जरूरत नहीं है। पंजाब के अन्य पुराने नेता भी नहीं चाहते हैं कि सिद्धू को उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाएं।
मिल सकता है बड़ा मंत्रालय: जानकारी के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू को कैबिनेट में बड़ा पद मिल सकता है। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू अभी भी लगातार कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बनाकर डिप्टी सीएम का पद पाने की कोशिश में लगे हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।