नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआईए) पर एक अफगानी नागरिक को दो करोड़ कीमत की हेरोइन के साथ पकड़ा गया है। हैरानी की बात है कि यह हेरोइन कैप्सूल की शक्ल में थी। इतना ही नहीं, यह हेरोइन आरोपी अपने पेट में रखकर इसे अफगानिस्तान ले जा रहा था। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब इस शख्स की तबीयत खराब हो गई।
पुलिस अब आरोपी के साथ जा रहे दूसरे अफगानी नागरिक की भी पुलिस तलाश कर रही है। पूरी घटना तीन नवंबर की है। अभी तक की जांच में सामने आया कि उसके पेट और निजी अंगों का ऑपरेशन कर उसके शरीर में यह कैप्सूल डाले गए थे। पुलिस के मुताबिक, दो अफगानी नागरिक फ्लाइट से अफगानिस्तान जा रहे थे। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान गुलाम रबानी के तौर पर हुई।
फ्लाइट के अंदर पहुंचने पर उसकी तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद एयरलाइंस कर्मचारियों ने उसे विमान से उतार दिया। शक होने पर इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। जांच में इसमें सामने आया कि इस व्यक्ति की तबीयत बहुत तेजी से बिगड़ रही है, जिसके बाद उसे एंबुलेंस से एम्स हॉस्पिटल भेज दिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी व्यक्ति इसी साल अक्टूबर महीने में मेडिकल वीजा पर दिल्ली आया था।