सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक खदान धंसने से उसमें दबने से एक किशोरी की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हैं। लखनादौन पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 80 किमी दूर जबलपुर मार्ग पर स्थित ग्राम बोरियाखुर्द में हुआ।
गांव की कई महिलाएं कल देर शाम घर के उपयोग के लिए खदान से मिट्टी-मुरम लेने गई थी, इसी दौरान मुरम खुदाई करते समय खदान धंस गई। हादसे में घायल तीनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लखनादौन लाया गया, जहां 16 वर्षीय किशोरी आरती की स्थिति को गंभीर बताते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उसकी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। अन्य दो घायलों सविता (40) और उसकी बेटी मीना (15) का उपचार किया जा रहा है।