IPL 2024: ये बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले पहले क्रिकेटर बने जेक फ्रेजर मैकगर्क, इन्हें छोड़ दिया है पीछे

Samachar Jagat | Wednesday, 08 May 2024 10:01:10 AM
IPL 2024: Jake Fraser-McGurk became the first cricketer to achieve this big feat, has left them behind

खेल डेस्क। अभिनेषेक पोरेल (65)  और विस्फोटक ओपनर जेक फ्रेजर मैकगर्क (50) की तूफानी अर्धशतकीय पारियों के बाद कुलदीप यादव की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर आईपीएल 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स को 20 रन से हराया।

जेक फ्रेजर मैकगर्क ने अपनी तूफानी पारी से एक रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करवाया। उन्होंने मैच में केवल 19 गेंदों पर ही अर्धशतक लगा दिया। इसके साथ ही वह एक आईपीएल सीजन में तीन बार 20 से कम गेंद पर अर्धशतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस प्रकार की उपलब्धि आईपीएल में इससे पहले कोई भी बल्लेबाज हासिल नहीं कर सका था। 

इन दिग्गजों को छोड़ दिया है पीछे
इस मामले में उन्होंने यशस्वी जायसवाल और निकोलस पूरन समेत सात बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। इन बल्लेबाजों ने एक सीजन में दो बार 20 से कम गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। इसमें यशस्वी जयसवाल और निकोलस पूरन के अलावा ईशान किशन, सुनील नरेन, कीरोन पोलार्ड, ट्रेविस हेड और केएल राहुल शामिल हैं। 

अब तक चार अर्धशतक लगा चुके हैं जेक फ्रेजर मैकगर्क
विस्फोटक ओपनर जेक फ्रेजर मैकगर्क अपने पहले ही आईपीएल संस्करण में चार अर्धशतक लगा चुके हैं। इनमें तीन अर्धशतक तो उन्होंने 20 से कम गेंदों पर लगाए हैं। जेक फ्रेजर मैकगर्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली में और मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली में ही 15-15 गेंदों पर तूफानी अर्धशतक लगाए थे। वहीं संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने ये उपलब्धि केवल 19 गेंदों में हासिल की। 

PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें


 



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.