Badal passes away: चौटाला परिवार ने जताया शोक।

Samachar Jagat | Wednesday, 26 Apr 2023 11:28:34 AM
Badal passes away: Chautala family mourns.

चंडीगढ़,। बादल परिवार के साथ घनिष्ठ संबंध रखने वाले हरियाणा के चौटाला परिवार ने शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिह बादल के निधन पर दुख जताया है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद एक हफ्ते पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 साल के थे। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिह चौटाला ने मंगलवार को कहा, ''वह हमारे परिवार के मुखिया थे।’’

इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के छोटे बेटे अभय सिह चौटाला ने कहा, '' हम उनके निधन से सदमे और गहरे दुख में हैं। पिछले पांच दशकों से सरदार प्रकाश सिह बादल का हमारे परिवार के साथ एक अटूट रिश्ता रहा।’’ हरियाणा और पंजाब के दो शक्तिशाली राजनीतिक परिवारों चौटाला और बादल के बीच लंबे समय से गहरे संबंध हैं। बादल पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के करीबी दोस्त थे, जिन्हें 'ताऊ’ देवी लाल के नाम से जाना जाता था। बादल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भी करीबी दोस्त थे।

इनेलो नेता ने अभय सिह चौटाला ने कहा कि देवीलाल और बादल ने मिलकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए लंबा संघर्ष किया। दोनों नेता आपातकाल के दौरान जेल भी गए। देवीलाल के प्रपौत्र दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बादल का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। पंजाब की राजनीति के दिग्गज नेता बादल पहली बार 1970 में मुख्यमंत्री बने और उन्होंने एक गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया, जिसने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया। इसके बाद वह 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-2017 में भी राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी दौर में बादल ने अकाली दल की बागडोर बेटे सुखबीर सिह बादल को सौंप दी थी। 



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.