Goa विस के उपाध्यक्ष का चुनाव आज, भाजपा के जोशुआ डिसूजा, कांग्रेस के डेलियाला लोबो के बीच मुकाबला

Samachar Jagat | Friday, 22 Jul 2022 11:16:13 AM
Goa Viss Vice President election today, BJP's Joshua D'Souza, Congress's Deliala Lobo contest

पणजी : गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को चुनाव होने वाला है और मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जोशुआ डिसूजा और कांग्रेस की महिला विधायक डेलियाला लोबो के बीच है। कांग्रेस  ने राज्य में अपनी एकमात्र महिला विधायक लोबो को चुनाव में उतारा है। पार्टी ने स्वीकार किया है कि विपक्षी खेमे के पास चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त ताकत नहीं है, लेकिन कहा कि ''मतदान के दौरान कुछ भी हो सकता है’’।

पिछले सप्ताह शुरू हुआ राज्य विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को समाप्त होगा। मापुसा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले डिसूजा ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को उन्हें मौका देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ''गोवा के मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत जी द्बारा गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष के पद के लिए मेरा नाम नामित कर मुझे दिए गए अवसर से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’ उन्होंने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सदानंद तनवड़े सहित अन्य भाजपा नेताओं को भी धन्यवाद दिया।

कांग्रेस  विधायक कार्लोस अल्वारेस फरेरा ने कहा कि पार्टी ने इस पद के लिए दलीला लोबो को चुनाव में उतारा है। उन्होंने स्वीकार किया कि विपक्षी दलों के पास उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है। फरेरा ने कहा, ''मतदान के दौरान कुछ भी हो सकता है।’’ 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में, सत्तारूढ़ भाजपा के पास 20 विधायक हैं और उसे पांच अन्य विधायकों का समर्थन प्राप्त है जिनमें से दो महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के और तीन निर्दलीय हैं। इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और रिवोल्यूशनरी गोवा पार्टी (आरजीपी) ने एक-एक सीट जीती थी, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को दो सीटें मिली थीं। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.