वायुसेना प्रमुख चौधरी श्रीलंका की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना।

Samachar Jagat | Monday, 01 May 2023 04:19:20 PM
IAF chief Chowdhary leaves for a four-day visit to Sri Lanka

नयी दिल्ली। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी सोमवार को श्रीलंका की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। अपनी यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के बीच द्बिपक्षीय रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ करने पर चर्चा करेंगे।

वायुसेना प्रमुख का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब चीन, श्रीलंका पर अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जो भारत के लिए एक बड़ी चिता का विषय है। एयर चीफ मार्शल चौधरी श्रीलंका के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ कई बैठकें करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय वायुसेना प्रमुख का श्रीलंका के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, रक्षा प्रमुख, रक्षा सचिव और देश की वायु सेना, सेना और नौसेना के कमांडरों से मिलने का कार्यक्रम है।

श्रीलंका की वायु सेना के कमांडर एयर मार्शल एस के पथिराणा के निमंत्रण पर वायु सेना प्रमुख चौधरी श्रीलंका की यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान, वह श्रीलंका के राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के छात्रों से भी बातचीत करेंगे और श्रीलंकाई वायु सेना अकादमी का दौरा करेंगे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वायु सेना प्रमुख का यह दौरा दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापारिक संबंधों और आपसी सहयोग को बढ़ावा देगा।नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने पिछले साल दिसंबर में श्रीलंका की यात्रा की थी।

पिछले साल अगस्त में, भारतीय नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल एस एन घोरमडे ने श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा की थी, उस दौरान भारत ने श्रीलंका को एक डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान सौंपा था। श्रीलंका की तत्काल सुरक्षा आवश्यकता को पूरा करने में मदद करने के लिए भारतीय नौसेना के बेड़े से श्रीलंका को यह विमान दिया गया था। 

Pc: Fast Mail Hindi



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.