लापता भारतीय पर्वतारोही Baljit Kaur नेपाल में अन्नपूर्णा पर्वत पर जीवित पाई गई।

Samachar Jagat | Tuesday, 18 Apr 2023 02:37:57 PM
Missing Indian mountaineer Baljit Kaur found alive on Mount Annapurna in Nepal.

काठमांडू। माउंट अन्नपूर्णा पर कैंप चार के ऊपर से लापता हुई भारतीय पर्वतारोही बलजीत कौर का पता चल गया है और वह जीवित हैं। पर्वतारोहण अभियान के एक आयोजक ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पायनियर एडवेंचर के अध्यक्ष पसंग शेरपा ने बताया कि एक हवाई खोज दल ने बलजीत कौर का पता लगा लिया है। उन्होंने कल पूरक ऑक्सीजन का उपयोग किए बिना ही दुनिया की दसवीं सबसे ऊंची चोटी को फतह किया था।


उन्होंने कहा, ''हम उसे हाई कैंप के ऊपर से एयरलिफ्ट कर निकालने की तैयारी कर रहे हैं।’’ शेरपा के मुताबिक हवाई खोज दल ने बलजीत को कैंप चार की ओर अकेले उतरते देखा है। रिकॉर्ड धारक भारतीय महिला पर्वतारोही बलजीत चोटी के शिखर बिदु के नीचे अकेली रह गई थी। आज सुबह तक उनसे रेडियो संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद आज सुबह ही हवाई खोज अभियान शुरू किया गया और'तत्काल मदद’के लिए एक रेडियो सिग्नल भेजने में कामयाबी मिली। शेरपा के अनुसार बलजीत की जीपीएस लोकेशन ने 7,375 मीटर (24,193 फुट) की ऊंचाई पर उनके पहुंचने के संकेत दिए हैं। वह कल शाम करीब सवा पांच बजे दो शेरपा गाइडों के साथ माउंट अन्नपूर्णा फतह किया। बलजीत का पता लगाने के लिए कम से कम तीन हेलिकॉप्टर लगाए गए थे।


इस बीच उत्तरी आयरलैंड के 10 बार के एवरेस्ट पर्वतारोही नोएल हन्ना के शव को बरामद करने के प्रयास अब भी जारी हैं, जिन्होंने कल रात शिखर बिदु से लौटने के बाद कैंप चार में अंतिम सांस ली थी।बेस कैंप के अधिकारियों ने इस बीच कहा कि भारतीय पर्वतारोही अनुराग मालू के मिलने की संभावना क्षीण हो गयी है, जो कल कैंप चार से उतरते समय 6,000 मीटर की ऊंचाई से एक गहरी दरार में गिरने के बाद लापता हो गये थे। अनुराग मालू राजस्थान के किशनगढ के निवासी थे। 



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.