Landslide in himachal: हिमालच में राष्ट्रीय राजमार्ग 3०5 पर हुए भूस्खलन से यातायात हुआ अवरुद्ध।

Samachar Jagat | Thursday, 27 Apr 2023 03:52:20 PM
Landslide in himachal: Traffic blocked due to landslide on National Highway 305 in Himachal.

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 305 औट-लुहरी पर भूस्खलन होने के कारण मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार बीती शाम बारिश के कारण मार्ग पर भूस्खलन होने के बाद से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग 305 में घियाघी से दो किलोमीटर सोझा की ओर यह भूस्खलन हुआ है। जिससे मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गई है। अभी तक मौके पर किसी तरह की कोई मशीनरी नहीं पहुंची है। मार्ग के बंद होने से आउटर सिराज, आनी, निरमंड का बंजार, जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए मौके पर मशीनरी भेजी जा रही है। प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट हाईवे समेत आधा दर्जन मांर्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। गुरूवार सुबह चुराह विधानसभा क्षेत्र के झझाकोठी में पहाड़ी दरक गई। सड़क किनारे खड़ी 108 एंबुलेंस मलबे की चपेट में आने से सड़क पर ही पलट गई।

गनीमत रही कि हादसे के कोई नुकसान नहीं हुआ। बीएमओ तीसा ऋषि पुरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पहाड़ी से गिरे पत्थर की जद में आने से एंबुलेंस पलटी है। प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हो रही है। शिमला में दिन में ही अंधेरा छा गया है। कुल्लू में भी बारिश हो रही है। लाहौल, पांगी-भरमौर की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का दौर जारी है।

प्रदेश में मौसम के लगातार खराब रहने से गर्मी के मौसम में ठंड का प्रकोप जारी है। ऊपरी इलाकों के लोगों ने फिर से कोट, स्वेटर और जैकेट निकाल दिए हैं। ताजा बर्फबारी के बाद मनाली, लाहौल और जलोड़ी दर्रा में बड़ी मात्रा में सैलानी पहुंच रहे हैं। मंडी में बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है जिससे किसान परेशान हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला निदेशक सुदेश ने आज भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 3० अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

लाहौल स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस, कुकुमसेरी में 2.3, कल्पा में 3.5, नारकंडा में 5.4, मनाली में 6.8, धर्मशाला में 8.2, शिमला में 10.6 और नाहन में 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके इलावा चंबा में 13.2, कुफरी में 5.9, रिकांगपिओ 6.6 जबकि सिओबाग में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

फोटो क्रेडिट:Bansal News



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.