Madhya Pradesh: मुरैना जिले में गोली मारकर पांच लोगों की हत्या, कुछ अन्य घायल

Samachar Jagat | Friday, 05 May 2023 12:15:01 PM
Madhya Pradesh: Five people shot dead in Morena district, some others injured

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के लेपा गांव में आज पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार से संबंधित पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी और तीन चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों पर लाठियों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से संघर्ष हुआ। संघर्ष में गोली लगने से दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गयी। तीन चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।

सूत्रों ने कहा कि संघर्ष की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। लेपा गांव के पास ही एक अन्य गांव स्थित है, जो एक समय चंबल के बीहड़ों के कुख्यात दस्यु सरगना के गांव से जुड़ा हुआ बताया गया है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर पुराना विवाद था और इस मामले में कम से कम तीन हत्याएं पहले भी हो चुकी हैं। आज जिस पक्ष पर हमला किया गया, उन्हीं पर इन हत्याओं का आरोप है। गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। 

Pc;New York Post



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.