- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में लोगों को भीषण गर्मी के कहर से बचने के लिए तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। प्रदेश में अब लोगों को गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा। इस प्रकार का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई है।
इस संबंध में मौसम विभाग की ओर से पश्चिमी राजस्थान के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है। बुधवार को प्रदेश के पांच शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक और रात का तापमान 25 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। वहीं फलोदी में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस के साथ रात सबसे गर्म रही। प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा हुआ है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.8 डिग्री (सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक) मौसम विभाग ने रिकॉर्ड किया है।
अगले 4-5 दिन अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विभाग की ओर से अगले 4-5 दिन अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और अधिकतम तापमान में और 2-3 डिग्री तक इजाफा होने का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री (सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक) दर्ज होने और कहीं-कहीं हीटवेव की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को फलोदी के अलावा कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और चूरू में भी दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
PC: zeenews.india
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें