Jaipur Metro फेज-2 का कार्य जल्द होगा शुरू, उठा लिया गया है ये बड़ा कदम

Hanuman | Saturday, 02 May 2026 08:20:25 AM
Work on Jaipur Metro Phase 2 to Begin Soon, This Major Step Has Been Taken

जयपुर। जयपुर में सार्वजनिक परिवहन की जीवन रेखा जयपुर मेट्रो फेज-2 का कार्य जल्द शुरू होने वाला है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पारेशन लिमिटेड ने एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 एलिवेटेड स्टेशन के डिजाइन एवं निर्माण कार्य के लिए 918.04 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों के लिए एलओए (स्वीकृति पत्र) जारी कर इसके संकेत दे दिए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जयपुर मेट्रो फेज-2 के पहले पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक के 12 किलोमीटर के कॉरिडोर के लिए एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 एलिवेटेड स्टेशन (प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला) के डिजाइन एवं निर्माण पूर्ण करना होगा। वहीं जयपुर मेट्रो फेज-2 के डिपो की ओर जाने वाली स्पर लाइन का निर्माण कार्य पैकेज में शामिल है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा  द्वारा मेट्रो के अधिकारियों को कुल 41 किलोमीटर में से शेष 29 किलोमीटर के लिए भी शीघ्र निविदा आमंत्रित करने के लिए निर्देश दिए हैं।

आपको बात दें कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 13,037.66 करोड़ रुपए की इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद सीएम  भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना की एक उच्च स्तरीय बैठक में इसके त्वरित क्रियान्वयन के लिए निर्देश दिये थे।

मेट्रो ने आसान कर दिया है जयपुर के लोगों का सफर
गौरतलब है कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में अभी बड़ी चौपड़ से मानसरोवर तक मेट्रो का संचालन हो रहा है। जयपुर में मेट्रो सार्वजनिक परिवहन की जीवन रेखा बन चुकी है। लोगों का सफर आसान हो गया है। आगामी समय में इसका विस्तार होने से लोगों को यातायात की परेशानी से मुक्ति मिल सकेगी।

PC: bhaskar
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.