Maharashtra: मां को गाली देने पर नाबालिग ने व्यक्ति की हत्या की

Samachar Jagat | Wednesday, 07 Jun 2023 12:17:03 PM
Maharashtra: Minor kills man for abusing mother

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में 17 वर्षीय एक किशोर ने अपनी मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 43 वर्षीय मृतक की पहचान कांदिवली के ईरानीवाड़ी इलाके के अब्दुल रहीम मलिक के रूप में हुई है। मलिक कथित तौर पर लड़के की मां को परेशान करने के साथ ही उस पर अभद्र टिप्पणी करता था।

उन्होंने बताया कि रविवार को उस व्यक्ति ने महिला के साथ फिर से दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद महिला ने कांदिवली पुलिस थाने में उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई।अधिकारी ने बताया कि बाद में जब लड़के को व्यक्ति की हरकत का पता चला, तो उसने कथित रूप से गुस्से में उसकी गर्दन और सिर पर पेचकस से वार कर दिया।

उन्होंने बताया कि हमले के बाद घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि लड़के के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया और सुधार गृह भेज दिया गया है।

Pc:Aaj Tak



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.