नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु की कीमतों में रही भारी गिरावट के बीच ऊंचे भाव में मांग में आई कमी से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 30 रुपए फिसलकर 31,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान चांदी की औद्योगिक मांग में भी भारी गिरावट दर्ज की गई,जिससे यह 500 रुपए लुढककर 39,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
वैश्विक बाजार में लंदन का सोना हाजिर 9.15 डॉलर की गिरावट में 1,194.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 8.00 डॉलर लुढककर 1,197.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चाँदी हाजिर 0.19 डॉलर की गिरावट में 14.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव बढ़ गया है। अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चीन ने रविवार को बैंकों द्बारा रिजर्व में रखी जाने वाली नगदी में भारी कटौती की घोषण की जिससे डॉलर को अधिक बल मिला। डॉलर में 0.10 फीसदी की बढत दर्ज की गई है।
स्थानीय स्तर पर ऊंचे भाव की वजह से जेवराती मांग में सुस्ती आई है लेकिन भारतीय मुद्रा की गिरावट की वजह से सुरक्षित निवेश में निवेशकों का रुझान बढ रहा है। सोना स्टैंडर्ड आज 30 रुपए फिसलकर 31,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।
इस दौरान सोना बिटुर भी 30 रुपए की गिरावट में 31,720 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि, इस तेजी के बीच गिन्नी में कोई बदलाव नहीं हुआ और ये 24,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रही। औद्योगिक मांग में आई भारी कमी से चांदी हाजिर 500 रुपए की गिरावट में 39,300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
चांदी वायदा 420 रुपए की गिरावट में 38,855 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। हालांकि इस दौरान सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के भाव क्रमश: 74,000 और 75,000 रुपए प्रति सैंकड़ा पर पड़े रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे:-
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम |
31,870 |
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम |
31,720 |
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम |
39,300 |
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम |
38,855 |
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा |
74,000 |
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा |
75,000 |
गिन्नी प्रति 8 ग्राम |
24,600 |