IDBI Bank ने एनआरआई ग्राहकों के लिए शुरू की FCNR (B) विशेष जमा योजना

Hanuman | Wednesday, 17 Jun 2026 01:49:52 PM
IDBI Bank has launched an FCNR (B) special deposit scheme for NRI customers.

मुंबई। आईडीबीआई बैंक ने अनिवासी भारतीय (एनआरआई) ग्राहकों के लिए अमेरिकी डॉलर में विदेशी मुद्रा अनिवासी (बैंक) [एफसीएनआर (बी)] विशेष अवसर जमा योजना शुरू की है। बैंक के अनुसार यह योजना विदेशी मुद्रा में निवेश करने वाले ग्राहकों को आकर्षक प्रतिफल उपलब्ध कराएगी। विशेष ब्याज दरें 11 जून 2026 से 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेंगी।

बैंक द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, तीन वर्ष से चार वर्ष से कम अवधि की जमा पर एक मिलियन अमेरिकी डॉलर तक की राशि के लिए 6.00 प्रतिशत, एक मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक और पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर तक की राशि के लिए 6.05 प्रतिशत तथा पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि पर 6.10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दिया जाएगा।

चार वर्ष से पांच वर्ष से कम अवधि की जमा पर क्रमशः 6.05 प्रतिशत, 6.10 प्रतिशत और 6.15 प्रतिशत ब्याज दर निर्धारित की गई है। वहीं, पांच वर्ष की अवधि वाली जमा पर एक मिलियन अमेरिकी डॉलर तक की राशि के लिए 6.10 प्रतिशत, एक मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक और पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर तक की राशि के लिए 6.15 प्रतिशत तथा पांच मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि पर 6.20 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा।

बैंक ने बताया कि इस योजना के तहत जमा की गई मूल राशि और उस पर अर्जित ब्याज को पूरी तरह विदेश भेजा जा सकेगा। चूंकि जमा केवल अमेरिकी डॉलर में रखी जाएगी, इसलिए विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से भी सुरक्षा मिलेगी।

योजना के तहत अर्जित ब्याज पर भारत में आयकर से छूट उपलब्ध होगी, जो प्रचलित कर नियमों एवं शर्तों के अधीन रहेगी। बैंक के अनुसार जमा की न्यूनतम लॉक-इन अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।

आईडीबीआई बैंक का कहना है कि यह विशेष जमा योजना विदेशी मुद्रा में सुरक्षित निवेश और बेहतर प्रतिफल की तलाश कर रहे एनआरआई ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

PC:  jagran
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.