Modi Government 3: राजस्थान के मंत्रियों को एनडीए सरकार में मिले हैं ये मंत्रालय, जान लें आप

Samachar Jagat | Tuesday, 11 Jun 2024 09:25:04 AM
Modi Government 3: Rajasthan ministers have got these ministries in NDA government, you should know

जयपुर। एनडीए सरकार में इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित 92 सांसदों को जगह मिली है। अब मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और निर्मला सीतारमण सहित कई बड़े नेताओं को पुराने मंत्रालय ही मिले हैं। राजनाथ सिंह रक्षा मंत्रालय, अमित शाह गृह मंत्रालय, अश्विनी वैष्णव को रेल मंत्रालय, नितिन गडकरी सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, एस जयशंकर विदेश मंत्रालय और निर्मला सीतारमण एक फिर से वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगी।

इस बार राजस्थान से भी चार सांसदों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत, अलवर से सांसद भूपेंद्र यादव, बीकानेर से सांसद अर्जुनराम मेघवाल और अजमेर से सांसद भागीरथ चौधरी को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। 

गजेंद्र सिंह शेखावत का इस बार मंत्रालय बदला
गजेंद्र सिंह शेखावत का इस बार मंत्रालय बदला गया है। उन्हें इस बार जलशक्ति की जगह  संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अलवर से पहली बार सांसद बने भूपेंद्र यादव को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी मोदी सरकार में मिली है। अर्जुनराम मेघवाल को कानून एवं न्याय मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) के साथ संसदीय कार्य मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। 

भागीरथ चौधरी बने कृषि राज्य मंत्री
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भागीरथ चौधरी कृषि राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभाएंगे। मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में गजेंद्र सिंह शेखावत, भूपेंद्र यादव और अर्जुनराम मेघवाल को फिर से जगह बनाने का मौका मिला है। वहीं भागीरथ चौधरी को पहली बार कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाया गया है।

PC: rajasthantak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.