Rajasthan: भजनलाल सरकार का बड़ा एक्शन, इन कार्मिकों को कर दिया गया है तत्काल प्रभाव से निलंबित

Hanuman | Monday, 16 Feb 2026 08:31:24 AM
Rajasthan: Major action by Bhajanlal government, these personnel have been suspended with immediate effect.

जयपुर। भजनलाल सरकार की ओर अब आरजीएचएस योजना में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब गंभीर अनियमितताओं के मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए 8 कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। अब तक अनियमितताओं के प्रकरणों में करीब 19 एफआईआर की जा चुकी है तथा अस्पतालों, फार्मेसी एवं अन्य हितधारकों से करीब 39 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

आरजीएचएस योजना में अनियमितताएं करने पर सात चिकित्सकों को निलंबित किया गया था और एक अस्पताल एवं एक डायग्नोस्टिक सेंटर के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। अब प्राथमिक जांच में पाया गया कि 8 कार्मिकों ने आरजीएचएस योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं, कार्ड तथा राजकीय धनराशि का दुरुपयोग किया है। यह कृत्य सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ राजकीय संसाधनों के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। इसे देखते हुए इन कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इन्हें कर दिया गया है निलंबित
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस कार्रवाई में सौरभ कुमार रावत, नर्सिंग ऑफिसर, आर.बी.एम. चिकित्सालय, भरतपुर, मीना कुमारी चौधरी, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, उप स्वास्थ्य केन्द्र खुडासा, भरतपुर, किशन देई, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, उप स्वास्थ्य केन्द्र कुचावटी, जिला डीग, सत्यप्रकाश छावड़ी, नर्सिंग ऑफिसर, जिला चिकित्सालय बयाना, भरतपुर, मंजू कुमारी, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, उप स्वास्थ्य केन्द्र नगला माय, जिला भरतपुर, तुलसी देवी, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, उप स्वास्थ्य केन्द्र हनुमानपुरा, जिला फलौदी, अनुपमा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उच्चैन, भरतपुर तथा सुरेश चंद गुप्ता, नर्सिंग ऑफिसर, आर.बी.एम. चिकित्सालय, भरतपुर को निलंबित किया गया है। संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी।

PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.