भाजपा सरकार राजस्व बढ़ाने के नाम पर जनता पर टैक्स का बोझ डाल रही है: Dotasra

Hanuman | Monday, 25 May 2026 09:36:15 AM
The BJP government is imposing the burden of taxes on the public in the name of increasing revenue: Dotasra

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश पर कर्ज में इजाफा होने को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि ढाई साल में हर मोर्चे पर फेल रही भाजपा सरकार ने राजस्थान की जनता को कर्ज, टैक्स एवं आर्थिक अव्यवस्था दलदल में धकेल दिया है।

सिर्फ 2 साल में राजस्थान पर कुल कर्ज में करीब 20% की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश पर 5.65 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है, और हालत ये है कि 2025-26 में लिया जा रहा नया कर्ज भी विकास के लिए नहीं, बल्कि पुराने कर्ज और उसके ब्याज को चुकाने में खर्च हो रहा है। यानि अपने ग़लत निर्णयों और नाकामी से "Debt Trap" में फंसी भाजपा सरकार कर्ज चुकाने के लिए जनता की भारी जेब काट रही है। लगातार कर्ज में डूब रही सरकार के पास रोजगार, किसानों और विकास कार्यों के पर्याप्त बजट नहीं है। इसीलिए भाजपा सरकार राजस्व बढ़ाने के नाम पर राजस्थान की जनता पर टैक्स का बोझ डाल रही है, जिसके कारण आवश्यक वस्तुओं और जरूरी कामों पर टैक्स बढ़ता जा रहा है।

वाहन, घर की रजिस्ट्री और जमीन खरीदना महंगा होता जा रहा है। स्टाम्प और पंजीयन से वसूली में 35% की बढ़ोतरी इसका सबसे बड़ा सबूत है। इसका मतलब ये कि आपके घर की रजिस्ट्री महंगी करके भाजपा सरकार अपने कर्ज का ब्याज चुका रही है। सबसे चिंताजनक सवाल ये है कि जब जीएसटी और खनिज राजस्व लगातार बढ़ रहा है, तब वाणिज्यिक कर विभाग पीछे क्यों जा रहा है?

सरकार ने हर नागरिक के सिर पर करीब 80,000 का कर्ज लाद दिया
डोटासरा ने इस संबंध में आगे कहा कि 2023-24 में 23,473 करोड़ रुपए के वाणिज्यिक कर संग्रह में गिरावट आना और बाद में सिर्फ मामूली सुधार होना साफ दिखाता है कि सरकार टैक्स चोरी रोकने, बड़े आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करने और राजस्व प्रबंधन सुधारने में पूरी तरह विफल रही है। जहां सरकार को व्यापारिक कर प्रणाली मजबूत करनी चाहिए थी, वहां भाजपा सरकार ने मिडिल क्लास और आम आदमी की जेब पर हमला करने का आसान रास्ता चुन लिया। इस सरकार ने आज राजस्थान के हर नागरिक के सिर पर करीब 80,000 का कर्ज लाद दिया, जो आगामी वर्षों में बढ़कर 1 लाख रुपए पहुंच जाएगा।

सिर्फ कर्ज लेकर प्रचार चल रहा है
कांग्रेस नेता डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीति का सच ये कि न विकास संभल रहा है, न वित्त व्यवस्था, न राजस्व प्रबंधन, केवल और केवल सिर्फ कर्ज लेकर प्रचार चल रहा है एवं जनता पर बोझ डाल कर वसूली की जा रही है।

PC:  navbharattimes.indiatimes

अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.