जयपुर। कृतज्ञ नागरिकों ने पूर्व उप राष्ट्रपति स्व. भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर आज उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। राजधानी जयपुर में विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने विधानसभा परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वर्गीय शेखावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजली दी। उन्होंने शेखावत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सच्चे जन नायक थे जो सदैव गरीबों और पिछड़ों के उत्थान में जुटे रहे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अनेक विधायक और विधानसभा सचिवालय के कर्मचारी मौजूद थे।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर शहर भाजपा द्वारा श्रंद्धाजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे शहर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शेखावत जी के चित्र पर पुष्पाजंली अर्पित कर उन्हें श्रंद्धाजलि दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने अपने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि शेखावत ने हमेशा गरीब को गणेश मान कर कार्य किया।
उनके द्वारा ही देश में सर्व प्रथम के मूलभूत सिद्धांत अन्तोदय को वास्तविक कार्य योजना के रूप में राजस्थान प्रदेश लागू किया गया। राजस्थान के सर्वागिण विकास के लिए उन्होंने अनेक कार्य करते हुए राजस्थान को विकसित राज्यों की श्रेणी मे शामिल करवाया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश चैलावत, उप महापौर मनोज भारद्वाज, सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।