चेन्नई। जाने माने पत्रकार एवं प्रख्यात राजनीतिक विश्लेषक ‘चो’ रामास्वामी का लंबी बीमारी के बाद आज सुबह यहां के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वह 82 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है।
82 वर्षीय राजनीतिक विश्लेषक रामास्वामी को लोग प्यार से ‘चो’ के नाम से बुलाते थे। वह सबसे लंबे समय तक चलने वाली तमिल पत्रिका ‘तुगलक’ के संस्थापक-संपादक होने के साथ-साथ 1999 से 2005 तक राज्य सभा के सदस्य भी थे।
वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता के काफी करीबी थे। सांस की तकलीफ के कारण पिछले कुछ दिनों से उनका ईलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा था।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि आज सुबह हृदयगति रुकने के कारण उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को एमआरसी नगर स्थित उनके आवस पर रखा गया है जहां कई जानी मानी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज शाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।