Dubai : यूएई के राष्ट्रपति के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए अबू धाबी आएंगी कमला हैरिस

Samachar Jagat | Monday, 16 May 2022 01:26:25 PM
Dubai :  Kamala Harris to visit Abu Dhabi to mourn the death of UAE President

दुबई : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक के इंतकाल के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को देश की राजधानी पहुंच रहा है। प्रतिनिधिमंडल शेख खलीफा बिन जायेद अल नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ ही, यूएई के नए राष्ट्रपति एवं अबू धाबी के नए हुक्मरान शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान से भी मुलाकात करेगा। शेख मोहम्मद दिवंगत शेख खलीफा के सौतेले भाई हैं। उनका शुक्रवार को इंतकाल हो गया था। वह लंबे वक्त से बीमार थे।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में हैरिस के अलावा विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन, सीआईए के निदेशक विलियम बर्न्स और जलवायु दूत जॉन किर्बी शामिल हैं। गौरतलब है कि शेख मोहम्मद लंबे वक्त से शासन चला रहे थे और उन्होंने देश की विदेश नीति को आकार दिया है, क्योंकि शेख खलीफा को करीब 10 साल पहले मस्तिष्क आघात हुआ था और तब से ही वह बीमार थे। शेख खलीफा के निधन के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन दुख जताने के लिए सप्ताहांत पर अबू धाबी पहुंचने वाले शुरुआती यूरोपीय नेता थे।

अबू धाबी के लिए रवाना होने से पहले हैरिस ने कहा कि वह राष्ट्रपति जो बाइडन की तरफ से शेख खलीफा के निधन पर शोक व्यक्त करने और यूएई के साथ अमेरिका के अहम रिश्तों को मजबूत करने के लिए जा रही हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा “अमेरिका यूएई के साथ हमारे संबंधों और साझेदारी की मजबूती को काफी गंभीरता से लेता है। हम वहां अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए जा रहे हैं।” भारत के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शेख खलीफा के निधन पर रविवार को भारत की ओर से शोक व्यक्त किया। नायडू ने कहा कि भारत और उसके लोग इस मुश्किल समय में यूएई के साथ खड़े हैं। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.