भाजपा का संविधान पर चला बुलडोजर अब अल्पसंख्यकों के घरों तक पहुंच गया है: मुफ्ती

Samachar Jagat | Friday, 15 Apr 2022 02:34:25 PM
BJP's bulldozer on Constitution has now reached the homes of minorities: Mufti

श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया । साथ ही उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी के नेताओं के बीच ''मुसलमानों के घर और रोजी रोटी छीनने’’ की होड़ लगी है।


उन्होंने यह टिप्पणी मध्य प्रदेश में रामनवमी के जुलूस पर पथराव करने के आरोपियों के कम से कम 50 ''अवैध’’ ढांचों को गिराए जाने की खबरों पर कटाक्ष करते हुए की। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रामनवमी के जुलूस के दौरान मस्जिद के पास कथित तौर पर तेज संगीत बजाया जा रहा था और इसी दौरान जुलूस पर एक पत्थर फेंका गया, जिससे रविवार को वहां आगजनी और सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हो गया था। इसके बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया।


मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने कहा है कि हिसा के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। मुफ्ती ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, '' भाजपा जिस प्रतिशोध से भारत के संविधान पर बुलडोजर चला रही है, वह अब अल्पसंख्यकों के घरों तक पहुंच गया है। भाजपा नेता मुसलमानों से सब कुछ छीनने में एक-दूसरे को पीछे छोड़ रहे हैं, चाहे वह उनका घर हो, रोजी रोटी हो या सम्मान।’’


जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुसंख्यक समुदाय की ''चुप्पी’’ बेहद ''चिताजनक’’ है। उन्होंने कहा, '' कश्मीरी मुसलमान होने के नाते हम पर कई बार आरोप लगाया जाता है कि हम तब चुप रहे, जब कश्मीरी पंडितों को भागने के लिए मजबूर किया जा रहा था।’’मुफ्ती ने कहा, '' लेकिन आज के भारत में बहुसंख्यक समुदाय की आपराधिक चुप्पी और भाजपा का भारत के मूल विचार को खत्म करना बेहद चिताजनक और परेशान करने वाला है।’’ 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.