पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को सोच समझकर कोई बात बोलनी चाहिए. केजरीवाल को गलत जानकारी देकर लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए।
शर्मा ने उनके बेटे की शादी को लेकर केजरीवाल द्बारा की गयी टिप्पणी के बारे में संसद भवन परिसर में संवाददाताओं के पूछे जाने पर कहा कि केजरीवाल को ज्यादा बोलने और टीवी पर आने का शौक है। मुख्यमंत्री के नाते वह उनका सम्मान करते हैं लेकिन उन्हें गलत जानकारी देकर लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शादी के लिए ढाई लाख रुपए बैंक से निकालने की सीमा निर्धारित की है। शादी एक सामाजिक रिश्ता है और उन्होंने अपने बेटे की शादी में चेक से भुगतान किया है। केजरीवाल आयकर अधिकारी रहे हैं और वह वर्तमान में भी जिम्मेदारी के पद पर हैं।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने ट्वीट कर पूछा है कि महेश शर्मा की बेटे की शादी में सारा भुगतान चेक से किया जा रहा है। क्या ढाई लाख रुपए में शादी कर रहे हैं। उनके नोट कैसे बदले गए।