- SHARE
-
खेल डेस्क। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज (नाबाद 69) की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय महिला टीम ने विशाखापत्तनम में खेले गए पहले टी20 मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से शिकस्त दी। श्रीलंका ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 121 रन बनाए। जवाब में भारतीय महिला टीम ने 14.4 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
जेमिमा रोड्रिग्ज ने केवल 44 गेंदों पर मैच विनिंग पारी खेली। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की इस सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मुकाबले में स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी इतिहास रच दिया। इस मैच में उन्होंने 25 गेंदों में 25 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान 18 रन बनाते ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अपने चार हजार रन पूरे किए। वह टी20 इंटरनेशनल में चार हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय और दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर बनी। मंधाना से पहले ये कमाल केवल कीवी टीम की सूजी बेट्स ने किया था।
स्मृति बना चुकी हैं इतने रन
स्मृति ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में 25 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाए। स्मृति ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में 154 मैचों में 4006 रन बना चुकी हैं। सूजी बेट्स ने इस फॉर्मेट में 4716 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जो अभी तक 3654 रन बना चुकी हैं। श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टु ने 3473 और सोफी डिवाइन ने 3431 रन बनाए हैं।
PC: espncricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें