जयपुर।प्रदेश में शिव म्यूजियम बनने जा रहा है, राज्य सरकार ने इसका खाका तैयार कर लिया है। यह संभवत: देश का पहला ऐसा म्यूजियम होगा जहां पर सिर्फ भगवान शिव से जुड़े चित्रों, प्रतिमाओं और धार्मिक साहित्य को सहेजकर रखा जाएगा। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने शिव संग्रहालय का प्रस्ताव तैयार कर डीपीआर तैयार कर ली है।
दो मंजिल होंगी म्यूजियम में
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अनुसार जलमहल के पास स्थित पुराने गोविंददेवजी मंदिर के पास बनने वाले शिव म्यूजियम की लागत करीब 23 करोड़ रुपए होगी। डीपीआर के मुताबिक निर्माण करीब 4480 वर्ग मीटर जमीन पर होगा। इसके लिए बेसमेंट और दो मंजिला नया भवन बनवाया जाएगा। इसका मुख्य आकर्षण डिस्प्ले गैलरी होगी, इसमें भगवान शिव से जुड़ी ऐतिहासिक और पौराणिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। यहां पर पर्यटकों के लिए ऑडियो गाइड केबिन, सुवेनियर शॉप और क्लॉक रूम भी होगा।
ये होगी टिकट दरें
डीपीआर के मुताबिक शिव म्यूजियम में आने वाले सैलानियों के लिए टिकट दर का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है-
भारतीय पर्यटक - 40 रुपए
विद्यार्थी - 20 रुपए
विदेशी - 300 रुपए
एनआरआई-150 रुपए
क्या प्रदर्शित होगा
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के प्रस्ताव के अनुसार राजस्थान में भगवान शिव के मंदिर बड़ी तादाद में हैं, जिनमें शिव से जुड़े स्कल्पचर, पेंटिंग्स और धातु से बनी प्रतिमाएं प्रचुर मात्रा में हैं। म्यूजियम में भगवान शिव से जुड़ी ऐतिहासिक, पौराणिक और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी वस्तुओं का संग्रह किया जाएगा।