दुलाराम सहारण को मिलेगा कानोडिया राजस्थानी भाषा बाल साहित्य पुरस्कार

Samachar Jagat | Wednesday, 30 Nov 2016 05:28:17 PM
kanodia rajasthani language childrens literature award 2016 to dualram saharan

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के भाड़ंग गांव में जन्में राजस्थानी भाषा के बाल साहित्यकार दुलाराम सहारण को कोलकता के अखिल भारत वर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा वर्ष 2016 का केदारनाथ भागीरथी देवी कानोडिय़ा राजस्थानी भाषा बाल साहित्य पुरस्कार दिया जाएगा।

मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रहलाद राय अग्रवाल ने बताया कि राजस्थानी भाषा में बाल साहित्य की श्रीवृद्धि एवं प्रोत्साहन हेतु सम्मेलन द्वारा इस वार्षिक पुरस्कार की स्थापना की गई है। 

सम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री शिव कुमार लोहिया के अनुसार सहारण को मारवाड़ी सम्मेलन के 82वें स्थापना दिवस पर 25 दिसम्बर को कोलकाता में यह पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप इक्कीस हजार रुपये, शॉल, श्रीफल तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जाएगा।

सहारण स्कूल में पढते वक्त ही बाल साहित्य सृजन करने लगे थे तथा नवीं कक्षा में पढते समय ही पहली बाल रचना बालहंस पत्रिका में छपी। उसके बाद निरंतर बालहंस,नंदन, चंपक, चकमक, नन्हे सम्राट, राष्ट्रदूत साप्ताहिक, हंसती दुनिया, बाल दर्शन सहित विभिन्न बाल पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं छपती रही।

बाल-पुस्तक के रूप में उनके कहानी संग्रह क्रिकेटरो कोड़ और चांदी की चमक तथा उपन्यास जंगल दरबार प्रकाशित हैं। बाल साहित्य के अलावा भी सहारण की कई पुस्तकें प्रकाशित हैं।

वार्ता



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.