- SHARE
-
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेपर लीक नहीं होने के दावे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को निशाने पर लिया।गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दावा करते हैं कि पौने तीन साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्हें कहना चाहिए कि हमने एक भी शिकायत की निष्पक्ष जांच नहीं होने दी जिससे सच सामने न आ जाए। मुख्यमंत्री जी, जरा याद कर लीजिए। देश की सबसे बड़ी परीक्षा नीट-यूजी के पेपर लीक का एपिसेंटर आपके राज में राजस्थान बना और लाखों बच्चों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। राजस्थान की भाजपा सरकार और पुलिस ने तो पेपर लीक की शिकायत को छिपाया। जब एनटीए को विद्यार्थियों ने सीधी शिकायत दी तब जाकर पेपर लीक का पता चला।
झुंझुनूं के नवलगढ़ में आरएसएस का पेपर खुले लिफाफे में मिला। प्राध्यापक भर्ती का पेपर खुली सील के साथ पहुंचा। जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल सेंटर पर एलडीसी भर्ती में परीक्षा केंद्र से खिड़की के रास्ते पेपर बाहर भेजकर नकल कराई गई और वीक्षकों की ड्यूटी सुनियोजित तरीके से लगाने के आरोप लगे। जयपुर स्थित आरएसएसबी का टेक्निकल हेड ओएमआर शीट बदलकर घोटाला करता पकड़ा गया पर उसने कितनी परीक्षाओं में बेईमानी की ये आजतक पता नहीं चला।
हर बार आपकी सरकार का एक ही काम रहा, सच पर पर्दा डालना। आपने अपने कार्यकाल की परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच न करवाने की कसम खा रखी है, क्योंकि जांच हुई तो 'एक भी लीक नहीं' के झूठ के परखच्चे उड़ जाएंगे। एसआई भर्ती रद्द होने का क्रेडिट आप जनता में लेते रहे परन्तु एसआई भर्ती रद्द न हो, यह सिफारिश लेकर भी आपकी सरकार ही हाईकोर्ट गई थी। जो युवा जवाब मांगने सड़क पर उतरे, उन पर लाठियां बरसाई गईं।
2013 से 2018 के बीच भाजपा सरकार में 12 पेपर लीक हुए
2013 से 2018 के बीच भाजपा सरकार में 12 पेपर लीक हुए परन्तु कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और पेपर लीक माफिया को पोषित करने का पाप भाजपा सरकार ने किया। हमारी कांग्रेस सरकार ने पेपर माफिया पर सीधा प्रहार किया था। 400 से अधिक गिरफ्तारियां, माफिया की संपत्तियों पर बुलडोजर, RPSC सदस्य तक को जेल, बोर्ड अध्यक्ष बर्खास्त और आजीवन कारावास, 10 करोड़ जुर्माने तथा संपत्ति जब्ती वाला देश का सबसे सख्त कानून। आज जो भी कार्रवाई होती दिखती है, वह कांग्रेस के बनाए इसी कानून के तहत होती है। फर्क साफ है। हमने माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया था, आप सच पर बुलडोजर चला रहे हैं।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें