- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अब भारतीय जनता पार्टी पर शेखावाटी की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार शेखावाटी के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है।
पूर्व शिक्षा मंत्री डोटासरा ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा ने शेखावाटी की जनता को सिर्फ और सिर्फ धोखा दिया है, अन्याय किया है, उम्मीदों पर प्रहार किया है।
पहले सीकर संभाग छीना, नीमकाथाना जिला खत्म किया, फिर सीकर को नगर निगम के दर्जे से वंचित रखा, मास्टर प्लान भी नहीं दिया, यमुना जल समझौते में हितों से समझौता किया, और अब रामूकाबास-झुंझुनूं रोड बाईपास भी ले लिया। पर्ची सरकार ने इसे 'नॉन-फिजिबल' बताकर बजट घोषणा पर रोक लगा दी।
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने इस संबंध में आगे कहा कि भाजपा सरकार लगातार शेखावाटी के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। न नए बजट में हिस्सेदारी दे रही है, न विकास कार्यों की स्वीकृति हो रही है और तो और जनहित के लिए कांग्रेस सरकार में हुई घोषणाओं को भी टाला जा रहा है।
भेदभाव की इस राजनीति को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी
डोटासरा ने कहा कि आखिर शेखावाटी की जनता से ये दुश्मनी और सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है? क्या इस क्षेत्र की जनता विकास की हकदार नहीं है? क्या यहां के लोगों ने भाजपा को वोट नहीं दिए? भेदभाव की इस राजनीति को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, वक्त आने पर लोग नोट इफेक्टिव सरकार का बोर्ड चस्पा करने को तैयार है।
PC: newindianexpress
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें