चंडीगढ़। हिसार जिले के एक गांव में दो समूहों के बीच झड़प के दौरान हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार इस कथित फायरिंग में बीएसएफ के एक जवान और श्रमिक संगठन के एक नेता सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना हांसी शहर के शेखपुरा गांव की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों समूहों के बीच पुरानी रंजिश थी। पुलिस के अनुसार सोमवार दो पक्षों के बीच कुछ बातों को लेकर तकरार हो गई। तकरार के बाद करीब 20-22 लोगों के एक समूह ने निहत्थे दूसरे समूह पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में छुट्टी मनाने के लिए घर आए बीएसएफ के एक जवान और श्रमिक संगठन के एक नेता सहित तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस फायरिंग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना को लेकर करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
भाषा