IPL 2024: मुंबई इंडियंस ने एक ही मैच में बना डाले दो बड़े विश्व रिकॉर्ड

Samachar Jagat | Monday, 08 Apr 2024 11:26:46 AM
IPL 2024: Mumbai Indians made two world records in a single match

खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण में आखिर पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने जीत का खाता खोल लिया है। उन्होंने अपने चौथे मुकाबले में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से मात दी। शुरुआती तीनों मैच हारने के बाद मुंबई ने इस मैच में दिल्ली को जीत के लिए 235 रन का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन ही बना सकी। 

मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में जीत हासिल करते हुए एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम दर्ज करवा लिया है। पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में अब 150 मैच जीतने वाली पहली टीम बन गई। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों की लिस्ट में पांच बार की आईपीएल विजेता चेन्नई सुपर किंग्स दूसरे है, जिसने 148 मैचों में जीत हासिल की है।

वहीं मुंबई इंडियंस के नाम बिना अर्धशतक के टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा टोटल बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पांच विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए हैं। 

इससे पहले ये रिकॉर्ड सोमरसेट के नाम दर्ज था, जिसने साल 2018 में केंट के खिलाफ 226 रन बनाए थे। वहीं साल 2012 में आयरलैंड ए नेपाल के खिलाफ पांच विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए थे।  दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस की ओर से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 49 रन बनाए थे। वहीं विकेटकीपर ईशान किशन 42 और हार्दिक पांड्या 39 रन का योगदान दिया था। 
 



 


Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.