- SHARE
-
खेल डेस्क। तिलक वर्मा (नाबाद 101) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर आईपीएल 2026 के 30वें मैच में पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के 3 विकेट पावरप्ले के भीतर महज 44 रन पर ही गिर गए। इसके बाद तिलक वर्मा की 45 गेंदों में खेली गई धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस पांच विकेट गंवाकर 199 रन बनाने में सफल रही।
जवाब में 15.5 ओवरों में केवल 100 रन पर ही ढेर हो गई। अपनी शतकीय पारी के दम पर तिलक ने मुंबई की ओर से संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने का कारनामा किया। इस मामले उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी की। जयसूर्या ने भी मुंबई की ओर से आईपीएल 2008 में 45 गेंदों में शतक लगाया था। अब इस रिकॉर्ड की बराबरी 19 साल बाद तिलक वर्मा ने कर ली है। तिलक वर्मा मुंबई की ओर से तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
तिलक वर्मा ने 74 रन छक्के और चौकों की मदद से बनाए
तिलक वर्मा ने नाबाद 101 रनों की तूफानी पारी में 74 रन छक्के और चौकों की मदद से बनाए। इस धमाकेदार पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने आखिरी के 4 ओवरों में गुजरात के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। इस दौरान उन्होंने केवल 18 गेंदों में 65 रन बना डाले। 18वें ओवर में वर्मा ने अशोक शर्मा के एक ही ओवर में लगातार 5 बाउंड्री लगाकर 26 रन बटोरे।
PC: espncricinfo