मुंबई। लगातार छह मैचों में जीत से आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियन्स की टीम आईपीएल के दसवें संस्करण के 28वें मैच में आज राइजिंग पुणे सुपरजाइंट से मिली पिछली हार का बदला चुकता करने उतरेगी।
पुणे ने शनिवार को मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आखिरी गेंद पर छह विकेट से जीत दर्ज की थी जबकि उससे केवल 100 किमी दूर वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ उछाल वाली पिच पर अपने कम स्कोर का अच्छी तरह से बचाव किया।
अंकतालिका में शीर्ष पर चले रहे मुंबई अब पुणे से अपने शुरुआती मैच में मिली हार का बदला चुकता करने के लिए आदर्श स्थिति में है। मुंबई की यह इस सत्र में अभी तक एकमात्र हार है।
पुणे की हैदराबाद के खिलाफ जीत में दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 34 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए और अपनी टीम को आखिरी गेंद पर जीत दिलाई। मुंबई थिंक टैंक निश्चित तौर पर धोनी को लेकर सतर्क होगा।
पूर्व भारतीय कप्तान की सही समय पर फार्म में वापसी तथा पुणे के कप्तान स्टीव स्मिथ की अब तक टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी से वह मुंबई के गेंदबाजों के लिए मजबूत प्रतिद्वंद्वी बन गए हैं। मुंबई के गेंदबाजों ने दिल्ली के अच्छा प्रदर्शन करके उसे अपने 142 रन के योग का अच्छी तरह से बचाव किया था।
मुंबई के बल्लेबाजों के लिए हालांकि वह मैच अच्छा नहीं रहा और उन्हें पुणे के खिलाफ इस तरह के प्रदर्शन से बचना होगा जिसका गेंदबाजी आक्रमण अच्छा है। पुणे के दक्षिण अफ्रीकी लेग स्पिनर इमरान ताहिर और मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा के बीच मुकाबला वास्तव में देखने लायक होगा क्योंकि उन्हें कलाई के स्पिनरों को खेलने में लगातार दिक्कत आ रही है।