देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया के बरहज क्षेत्र में आज कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर पति की मृत्यु हो गई और पत्नी गम्भीर रूप से घायल हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बरहज कस्बे के पटेल नगर मुहल्ला निवासी रामू निषाद (45) और उसकी पत्नी राजकुमारी देवी (43) घर में सो रहे थे।
इस दौरान तडके अचानक कच्ची दीवार भराभरा कर उनके ऊपर गिर गयी जिसके मलबे में दबकर दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने रामू को मृत घोषित कर दिया।