Dotasra का भजनलाल सरकार पर निशाना, कहा- प्रदेश की स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के हाल बेहद शर्मनाक हैं

Hanuman | Friday, 21 Nov 2025 08:40:45 AM
Dotasra targeted the Bhajanlal government, saying that the condition of school education and higher education in the state is very shameful

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अब राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। इस  संबंध में डोटासरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है। उन्होंने  गुरुवार को एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था आज जिस बदहाली से गुजर रही है, वह भाजपा सरकार की नाकामी और गलत नीतियों का जीता जागता प्रमाण है। सत्ता में आए सरकार को 2 वर्ष हो गए हैं, लेकिन प्रदेश की स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के हाल बेहद शर्मनाक हैं। आज से बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई है, लेकिन न कोर्स पूरा हुआ है और न ही परीक्षाएं करवाने के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं।

हालात ये हैं कि आधा सत्र बीत जाने के बाद भी बेटियों को साइकिलें नहीं मिली हैं। बेटियों की शिक्षा को लेकर सरकार किसी भी तरह की गंभीरता नहीं दिखा रही है। बालिका शिक्षा को लेकर जहां सरकार को ठोस और मजबूत कदम उठाने चाहिए वहां सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। प्रदेशभर की बालिकाएं साइकिलों के इंतज़ार में स्कूलों के चक्कर काट रही हैं।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेशभर के कई स्कूलों में मिड-डे-मील तक बच्चों को नसीब नहीं हो रहा है। हाल इतने बेहाल हैं कि बच्चों को पोषाहार की जगह बिस्किट खिलाए जा रहे हैं। जहां शिक्षा का आधार पढ़ाई, पोषण और सुविधा होती है, वहीं भाजपा राज में बच्चों का स्वास्थ्य और भविष्य दोनों ही अंधकार में धकेले जा रहे हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों की स्थिति बेहद दयनीय हैं। 

प्रदेश की तकनीकी शिक्षा का हाल तो और भी बेहाल है
डोटासरा ने आगे कहा कि यही नहीं प्रदेश की तकनीकी शिक्षा का हाल तो और भी बेहाल है। इंजीनियरिंग कॉलेजों में न पर्याप्त लैब की व्यवस्थाएं हैं, और न ही प्रैक्टिकल के लिए पर्याप्त इंतजाम। इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी में बिना प्रैक्टिकल के इंजीनियर तैयार किए जा रहे हैं। ज्यादातर लैब बंद हैं, कंप्यूटर तक नहीं चल रहे। कई जगह बैच बिना प्रैक्टिकल के पास कर दिए गए। शिक्षा को लेकर सरकार की यह उदासीनता प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ाने का काम कर रही है। भाजपा राज में प्रदेश के बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था के गिरते स्तर की ये खबरें भाजपा सरकार की नीति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

PC: X
PC: pinterest
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.