- SHARE
-
वैंकूवर, मलकीत सिंह। कनाडा के पड़ोसी देश अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया के लेक टाहो क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से 8 स्कीयरों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे में मारे गए लोगों में शुगर बाउल यूथ स्की टीमों से जुड़े युवाओं की माताएं भी शामिल हैं, जिससे स्थानीय समुदाय में गहरा शोक फैल गया है।
स्थानीय मीडिया और प्रशासन के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बैककंट्री स्कीयरों का एक समूह पहाड़ी क्षेत्र में स्कीइंग कर रहा था। अचानक ऊपर से आई बर्फीली ढलानों ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग बर्फ के नीचे दब गए। बचाव दलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान कुछ लोगों को जीवित बचा लिया गया, लेकिन 8 लोगों को नहीं बचाया जा सका।
मृतक सभी अनुभवी स्कीयर बताए जा रहे हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में हुई भारी बर्फबारी के कारण हिमस्खलन का खतरा पहले से ही बढ़ा हुआ था। इसके बावजूद कुछ लोग जोखिम भरे पहाड़ी क्षेत्रों की ओर गए, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बर्फीले और पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम संबंधी चेतावनियों और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फोटो कैप्शन: हादसे के बाद बर्फ में फंसे लोगों की तलाश करती रेस्क्यू टीम और मौके पर मौजूद बचावकर्मी।
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें