पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन, भजनलाल ने बताया राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति

Hanuman | Monday, 02 Feb 2026 12:43:34 PM
Hem Singh Bhadana has passed away

जयपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं थानागाजी (अलवर) से दो बार भाजपा विधायक रहे हेम सिंह भड़ाना का आज सुबह 7 बजे 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। पिछले करीब पांच महीनों से कैंसर से पीड़ित हेम सिंह भड़ाना का आज अलवर के एक निजी अस्पताल में निधन हुआ है। उनका अंतिम संस्कार आज पैतृक गांव किशनगढ़बास के बघेरी कलां में किया जाएगा।

हेम सिंह भड़ाना के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम सीएम वसुंधरा राजे सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दुख प्रकट किया है।  भाजपा के अलवर जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण ने जानकारी दी कि पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना  के निधन के चलते पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल ने एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा राजस्थान के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाणा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भड़ाणा ने सदैव जनहित और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी। उनका निधन भाजपा परिवार और राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा ने एक समर्पित नेता को खो दिया: राजे
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा राजस्थान के पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा के प्रति उनका आजीवन समर्पण, सरल व्यक्तित्व तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से भाजपा ने एक समर्पित नेता को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

PC: X



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.