नई दिल्ली। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। 24 वर्षीय युवती मूलरूप से झारखंड की रहने वाली है।
वे यहां जमरूदपुर इलाके में एक घर में घरेलू सहायिका थी। युवती ने जून में एक लडक़े पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए ग्रेटर कैलाश थाना में केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की तो हैरान कर देने वाली हकीकत सामने आई। पुलिस के मुताबिक लडक़ा भी मूलरूप से झारखंड का है और जमरूदपुर इलाके मे ही मजदूरी करता था।
जांच के दौरान दिल्ली पुलिस झारखंड स्थित उसके घर पहुंची तो वहां उसके स्कूल प्रमाणपत्र से पता चला कि लडक़े की उम्र मात्र 17 वर्ष है। 24 वर्षीय महिला ने जिस नाबालिग युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था उसने पुलिस के सामने हैरान करने वाले खुलासे किए।
पूछताछ में युवक ने बताया कि महिला उसके साथ जबरदस्ती करती थी और मना करने पर उसे दुष्कर्म के मामले में फंसा देने की भी धमकी भी देती थी। युवक के आरोपों की तस्दीक होने पर पुलिस ने महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।