ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह के पकड़े जाने  के बाद भी राज्य सरकार की रहस्यमयी चुप्पी चिंताजनक : Gehlot

Hanuman | Saturday, 24 Jan 2026 03:02:42 PM
The state government's mysterious silence even after the arrest of the gang involved in tampering with OMR sheets is worrying: Gehlot

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह के पकड़े जाने के बाद से ही प्रदेश का सियासी माहौल गर्म हो चुका है। पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी हमला जारी है। इस मामले को लेकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने फिर से प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है।

गहलोत ने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह के पकड़े जाने के 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार की रहस्यमयी चुप्पी चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आजीवन कारावास, 10 करोड़ जुर्माना और दोषियों की संपत्ति ज़ब्त जैसा देश का सबसे सख्त कानून बनाया और बिना किसी भेदभाव के  आरपीएससी सदस्य तक को जेल की सलाखों के पीछे भेजकर नजीर पेश की। हमने गड़बड़ी मिलने पर कभी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़कर केवल पूर्ववर्ती सरकारों पर दोष नहीं मढ़ा, बल्कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की।

भाजपा सरकार परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच करवाने की घोषणा करने से क्यों बच रही है?

प्रदेश के तीन बार सीएम रह चुके अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि अब 'जीरो टॉलरेंस' का दावा करने वाली भाजपा सरकार बताए कि वह अपने कार्यकाल (2024-25) के दौरान हुई परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच करवाने की घोषणा करने से क्यों बच रही है? क्या भाजपा सरकार युवाओं के साथ न्याय नहीं करना चाहती है? आपको बता दें कि इस मामले को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार कांग्रेस के निशाने पर बनी हुई है।

PC: m.rediff
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.