खेल डेस्क। भारत के पूर्व करिश्माई कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के नेतृत्व में बुधवार को वरूण आरोन और राहुल शुक्ला की शानदार गेंदबाजी के दम पर झारखंड ने विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप-डी मैच में छोटे स्कोर का बचाव करते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ शानदार जीत हासिल की।
झारखंड ने सौराष्ट्र को 42 रन से शिकस्त देकर अन्तिम आठ के लिए अपना दावा भी मजबूत किया। झारखंड ने चार मैचों में तीसरी जीत अपने नाम की।
गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर शौर्य सानंदिया (47 रन पर पांच विकेट) और कुशांग पटेल (39 रन पर चार विकेट) की कातिलान गेंदबाजी के सामने झारखंड की टीम 27.3 ओवर में मात्र 125 रन पर ढेर हो गई।
इसके जवाब में धोनी की चतुराई भरी कप्तानी के सामने सौराष्ट्र 25.1 ओवर में 83 रन पर ही सिमट गई। मैच में वरूण आरोन ने 10 ओवर में केवल 20 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।
शुक्ला ने 32 रन पर चार विकेट लिए। इससे पहले झारखंड की ओर से इशान किशन ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। कप्तान धोनी ने भी 27 रन का योगदान दिया।