- SHARE
-
-करीब 3 लाख खेल प्रेमियों के पहुंचने का अनुमान
-होटलों, रेस्तरां और बारों में मेले जैसा माहौल
वैंकूवर, (मलकीत सिंह)। फीफा विश्व कप 2026 की मेजबानी कर रहा कनाडा का महानगर वैंकूवर पूरी तरह फुटबॉल के रंग में रंग चुका है। 'अजीत' के इस संवाददाता द्वारा आज वैंकूवर के विभिन्न इलाकों का दौरा करने पर देखा गया कि विश्व कप के कारण शहर के आतिथ्य क्षेत्र, विशेषकर डाउनटाउन, में रौनक काफी बढ़ गई है। शहर के लगभग 78 होटलों में से अधिकांश पर्यटकों के अस्थायी ठहराव के लिए बुक हो चुके हैं। मैच वाले दिनों में देश-विदेश से पहुंच रहे दर्शकों के कारण होटल कमरों की मांग लगातार बढ़ रही है।
वैंकूवर के डाउनटाउन स्थित रॉबसन स्ट्रीट, ग्रैनविल स्ट्रीट, येलटाउन, गैस्टाउन, कनाडा प्लेस और बीसी प्लेस के आसपास सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। इन क्षेत्रों के सैकड़ों रेस्तरां, बार और कैफे में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैचों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। कई कारोबारियों ने अपने काम के घंटे बढ़ाने के साथ-साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की भी नियुक्ति की है।
फीफा विश्व कप के मद्देनज़र वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, स्थानीय हवाई अड्डों, स्काईट्रेन के प्रमुख स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य परिवहन केंद्रों पर भी यात्रियों और दर्शकों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। विभिन्न देशों से पहुंचे फुटबॉल प्रेमी अपनी-अपनी टीमों के झंडे और रंग-बिरंगी जर्सियां पहनकर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
मैच वाले दिनों में बीसी प्लेस के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। शहर के कुछ हिस्सों में अस्थायी यातायात प्रतिबंध लागू किए जाते हैं, जबकि पैदल यात्रियों के लिए विशेष मार्ग बनाए गए हैं।
पीएनई में बनाए गए फ़ीफ़ा फैन फेस्टिवल में विशाल स्क्रीन के माध्यम से टूर्नामेंट के 70 से अधिक मैचों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। लगभग 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एम्फीथिएटर के अलावा फेस्टिवल के अन्य हिस्सों में भी बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जहां प्रतिदिन हजारों फुटबॉल प्रेमी मैचों का आनंद ले रहे हैं। इस दौरान 20 से अधिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।
अब तक वैंकूवर के डाउनटाउन क्षेत्र में करीब 3 लाख पर्यटकों और खेल प्रेमियों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है, जबकि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है।
वैंकूवर पुलिस, सुरक्षा कर्मियों और स्वयंसेवकों की टीमें भी मैच वाले दिनों में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। शहर प्रशासन का कहना है कि विश्व कप के दौरान आने वाले प्रत्येक दर्शक को सुरक्षित और सुखद अनुभव प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कारोबारियों का मानना है कि फ़ीफ़ा विश्व कप के कारण होटल, रेस्तरां, बार, टैक्सी सेवाएं, खुदरा व्यापार और पर्यटन उद्योग को बड़ा आर्थिक लाभ मिल रहा है। इससे वैंकूवर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।