नई दिल्ली। ट्विटर पर धमाल मचाने वाले टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग ने एक ट्वीट कर सभी को चौंका दिया है। सहवाग ने रविवार को ट्वीट किया कि कल रिटायर हो रहा है विराट। इसे पढ़ विराट के लाखों फैंस हैरान रह गए। हालांकि, इस ट्वीट के अगले ही वाक्य में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किस विराट की बात कर रहे हैं।
इस ट्वीट में सहवाग नौसेना के जंगी जहाज आईएनएस विराट की बात कर रहे हैं। जिसे उन्होंने आईएनएस विराट की तस्वीर के साथ पोस्ट किया है। सहवाग ने अपने इस ट्वीट में लिखा, कल रिटायर हो रहा है विराट। पुराने जहाज कभी मरते नहीं, उनकी आत्मा जिंदा रहती हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि नौसेना के बेड़े से कल बाहर होने वाले आईएनएस विराट ने 30 सालों तक नौसेना को अपनी सेवा दी है। हालांकि, जब फैंस ने सहवाग के पूरे ट्वीट को पढ़ा तो उनकी जान में जान आई कि विराट से वीरेंद्र सहवाग का इशारा किस ओर है।