शिवराज के 11 साल : भाजपा ने विकास काल, विपक्ष ने कहा घोटालों का काल

Samachar Jagat | Wednesday, 30 Nov 2016 07:47:40 AM
11 years of Shivraj  BJP development period the opposition said the era of scandals

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 11 वर्ष का कार्यकाल मंगलवार को पूरा हो गया। इस अवधि को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विकास का काल बताया और पूरे प्रदेश में जश्न मनाया। जबकि विपक्षी दलों ने इसे घोटालों का कार्यकाल करार दिया। चौहान के शासनकाल के 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने पूरे प्रदेश में जश्न मनाया है। इस दौरान सभी 56 संगठनात्मक जिलों के 756 मंडलों से लेकर प्रदेश के 62,926 मतदान केंद्रों तक हितग्राही सम्मेलन, रचनात्मक कार्यक्रम एवं घर-घर दीपोत्सव आयोजित किए गए। भाजपा द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, मंगलवार को संगठन की विभिन्न इकाइयों ने विविध कार्यक्रम आयोजित कर शिवराज के 11 वर्ष के कार्यकाल का जश्न मनाया।

प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने बिरसा मुंडा नगर में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में कहा कि मध्य प्रदेश कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश का खुशहाल राज्य बन चुका है। उन्होंने कांग्रेस राज की याद दिलाते हुए कहा, कांग्रेस के जमाने में दीपावली के दिन भी बिजली नसीब नहीं होती थी, मगर मंगलवार को मध्य प्रदेश के 50 हजार गांव 24 घंटे बिजली से रौशन हो उठे हैं। कांग्रेस राज में सरकार की तिजोरी सिर्फ अमीरों के लिए खुली रहती थी, लेकिन आज शिवराज सिंह की तिजोरी आम गरीब जनता के लिए खुली है और इसलिए गरीब को एक रुपये प्रति किलोग्राम गेंहू, चावल, नमक मिल रहा है।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री कौशल विकास, श्रमिक प्रशिक्षण, कंप्यूटर प्रशिक्षण, लाडली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री आवास, युवा उद्यमी सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का पुष्पहार से सम्मान किया। भाजपा की तरफ से राजधानी के नरेंद्र देव नगर में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में मुख्यमंत्री चौहान ने जनसमूह से आग्रह किया कि वे 11 वर्षो के विकास की योजनाओं पर अपनी राय देकर मन की बात मुखरित करें। हितग्राही सम्मेलन में उन्होंने न तो माला पहनी और न स्वागत सत्कार की औपचारिकताएं कबूली। प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने सम्मेलन का संचालन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने आश्वस्त किया कि प्रदेश में रोटी, कपड़ा और मकान के अलावा कोई भी रुग्ण व्यक्ति अभाव के कारण उपचार से वंचित नहीं रहेगा, और उसे गंभीर से गंभीर बीमारी में असहाय महसूस नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वार मदद के लिए खुले हुए हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री चौहान के कार्यकाल के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश कार्यालय पं़ दीनदयाल परिसर में रंगोली बनाकर दीप प्रज्जवलित किया। महिलाओं ने भजन संध्या आयोजित कर चौहान के सफल कार्यकाल की मंगल कामना की।

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भी कई कार्यक्रम आयोजित किए। राजधानी के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी भाजपा की ओर से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री चौहान के 11 वर्ष के कार्यकाल का गुणगान किया। लेकिन विपक्षी दलों ने शिवराज के शासनकाल पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि यह 132 घोटालों की सरकार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान को यह बताना चाहिए कि उन्होंने बीते 11 वर्षो में पांच ऐसे कौन-से काम किए हैं, जिससे जनता का हित हुआ है।

यादव ने मंगलवार को कहा, शिवराज को राज्य की सत्ता संभाले 132 माह अर्थात 11 साल पूरे हो गए हैं, उनके शासनकाल में हर माह एक घोटाला हुआ है। इस तरह यह ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिनके कार्यकाल में अब तक 132 घोटाले हो चुके हैं। जश्न के दौरान मुख्यमंत्री चौहान जनता को यह भी बताते कि कितने घोटाले और होंगे तो बेहतर होता।

उन्होंने आगे कहा, राज्य के हर वर्ग का बुरा हाल है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, किसान आत्महत्या कर रहा है, रोजगार का संकट है, शिक्षा व्यवस्था चौपट है, स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ रही हैं, मगर सरकार जश्न मनाने में व्यस्त है। यादव ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई को सरकार अपना जश्न मनाने में उड़ा रही है, नोटबंदी के बाद राज्य की जनता को दो-ढाई हजार रुपये पाने के लिए घंटों और पूरे दिन-दिन बैंकों की कतारों में लगना पड़ रहा है, जिस पर राज्य सरकार का ध्यान नहीं है।

 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.