वेलिंगटन। प्रशांत महासागरीय देश न्यूजीलैंड के भूकंप प्रभावित दक्षिणी द्वीप में फंसे सैकड़ों पर्यटकों और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभियान आज भी जारी है। न्यूजीलैंड नौसेना के दो पोत पानी और खाद्य पदार्थ के साथ दक्षिणी द्वीप पहुंच गए। वहां फंसे सौ से अधिक लोगों और पर्यटकों को इसके जरिये बाहर निकाला जायेगा। आपात सेवा और रक्षा विभाग के अधिकारियों ने पर्यटकों और निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक हजार से अधिक पर्यटक फंसे हुए है।
अन्य आपात सेवा विभाग के कर्मचारी भी प्रभावित क्षेत्र से लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल कर रहे है। इस बीच न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन की ने हेलीकॉप्टर के जरिये दक्षिणी द्वीप के कैइकोरा क्षेत्र का जायजा लिया।
न्यूजीलैंड के दक्षिणी द्वीप पर गत रविवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये थे जिसमे दो लोगों की मौत हो गई थी। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 आंकी गयी थी और इसका केंद्र क्राइस्टचर्च से 120 किलोमीटर उत्तरी-पूर्वी क्षेत्र में जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा था और इस द्वीप का उत्तरपूर्व के इलाकों से सडक़ और रेल संपर्क टूट गया था। गौरतलब है कि इससे पहले न्यूजीलैंड में फरवरी 2011 को आए 6.3 की तीव्रता वाले भूकंप से 185 लोगों की मौत हुई थी और जान माल का व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ था।