मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना अंसवैधानिक और लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत: Dotasra

Hanuman | Wednesday, 10 Jun 2026 01:27:34 PM
Cancellation of Meenakshi Natarajan's nomination is unconstitutional and a dangerous sign for democracy: Dotasra

जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया है।

पूर्व शिक्षा मंत्री डोटासरा ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना अंसवैधानिक और लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। भाजपा सत्ता के बल पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करने पर आमादा हैं। ये लोग संविधान की भावना को कुचलकर विपक्ष की आवाज दबाने में लगे हैं। कांग्रेस पार्टी इसका पुरज़ोर विरोध करती है और न्याय की इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी।

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किया जाना लोकतंत्र की हत्या: जूली
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक्स के माध्यम से कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किया जाना लोकतंत्र की हत्या है। जिन तकनीकी बहानों का सहारा लिया जा रहा है, वे निष्पक्ष चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा को राज्यसभा की एक अतिरिक्त सीट दिलाने की सुनियोजित साजिश हैं। यह लोकतंत्र में सीधी वोट चोरी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीकाराम जूली ने इस संबंध में आगे कहा कि चुनाव आयोग का दायित्व लोकतंत्र की रक्षा करना है, न कि सत्ता के इशारों पर विपक्ष की आवाज को दबाना। आज देश देख रहा है कि किस प्रकार भाजपा सत्ता के लिए लोकतंत्र की मर्यादाओं को कुचल रही है। यह देश के 140 करोड़ नागरिकों के लोकतांत्रिक विश्वास पर हमला है।

PC: etvbharat
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.