- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर से प्रदेश की भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने एलपीजी किल्लत और बाड़मेर में सांसियों का तला उच्च प्राथमिक स्कूल में छात्र पर पंखा गिरने की घटना को लेकर सरकार को आडे हाथ लिया है।
डोटासरा ने एक्स के माध्यम से कहा कि प्रदेश के हालात ऐसे हैं कि आम आदमी को न रसोई गैस मिल रही है, न किसान-मजदूर की सुनवाई हो रही है, और न ही महंगाई की कोई चिंता है। भाजपा सरकार सिर्फ दावों और प्रचार में व्यस्त है, जबकि ज़मीन पर जनता त्राहिमाम कर रही है।
उन्होंने एलपीजी गैस की कमी और किसानों को फसल मुआवजा नहीं मिलने के मुद्दे पर सोमवार को दूदू में आमजन एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था।
वहीं डोटासरा ने एक अन्य पोस्ट के माध्यम से कहा कि बाड़मेर में सांसियों का तला उच्च प्राथमिक स्कूल में छात्र पर पंखा गिरना सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि भाजपा सरकार में शिक्षा विभाग की अव्यवस्थाओं और घोर लापरवाही का परिणाम है।
भाजपा सरकार हादसों से कोई सबक नहीं ले रही है
उन्होंने कहा कि झालावाड़ दुखांतिका, जैसलमेर और अनेक जिलों में स्कूल हादसों के बाद भी भाजपा सरकार इन हादसों से कोई सबक नहीं ले रही है। न तो सरकारी स्कूलों के भवनों की मरम्मत हो रही है, और न ही उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों की पालना हो रही है।
भाजपा की प्राथमिकता में शिक्षा है ही नहीं
डोटासरा ने कहा कि असल में भाजपा की प्राथमिकता में शिक्षा है ही नहीं, क्योंकि प्रदेश में 3768 सरकारी स्कूल भवन बुरी तरह जर्जर हालत में हैं। झालावाड़ की घटना के बाद 20 हजार करोड़ से अधिक का प्रस्ताव बना, मगर बजट में 1000 करोड़ का भी प्रावधान नहीं किया गया। क्या भाजपा सरकार के लिए बच्चों की जान इतनी सस्ती है? ये सरासर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ईश्वर से घायल छात्र के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें