- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से आज जल भराव, गड्ढे, क्षतिगत सड़क सहित कई अन्य समस्याओं को लेकर नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का मुक्की भी होती रही। इस दौरान एक महिला भी बेहोश हो गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए वाटर कैनन चलाएं। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का मुख्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कार्यकर्ता टोंक रोड स्थित नेहरू प्लेस से पैदल मार्च करते हुए नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ते हुए निगम मुख्यालय में घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। बाद में पुलिस ने दोनों तरफ से वाटर कैनन चलाकर भीड़ को तितर बितर करने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता वाटर कैनन के पानी में नहाने लगे। हालांकि करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ता वहां से चले गए।
कांग्रेस के ये नेता भी रहे मौजूद
बड़ी संख्या में कांग्रेस का टिकट पाने के लिए उम्मीदवारी कर रहे कार्यकर्ता इस दौरान अपने-अपने समर्थकों को लेकर धरने प्रदर्शन में पहुंचे। जिला कांग्रेस के इस प्रदर्शन के चलते टोंक रोड पर लम्बा जाम लग गया। पुलिस को टोंक रोड पर यातायात को डाइवर्ट करना पड़ा। इस प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रोहित बोहरा, रफीक खान, अमीन कागजी, अर्चना शर्मा, गंगा देवी और पुष्पेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे।
PC: jaipur