- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के दौसा जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य के घायल होने की खबर है। पुलिस ने आशंका जताई है कि बस चालक को झपकी आने के कारण ये बड़ा हादसा हुआ है।
कोलवा थाना क्षेत्र में हुई घटना
मीडिया रिपोटर्स की माने तो यह घटना एक्सप्रेस-वे पर कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2.30 से 3 बजे के बीच की है। खाई में बस के गिरते ही पिछले हिस्से में आग लग गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे। हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
6 यात्रियों की आग में झुलसने से मौत
मीडिया रिपोटर्स की माने तो घटना के बाद कई गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। घायलों में महिला और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है। घटना के दौरान 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने के कारण हुई है, जबकि 2 यात्रियों की सिर में चोट लगने से मौत की खबर है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना हैं की बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।
pc- ndtv raj